Tuesday, October 20th, 2026

 जो बाइडेन ने शी जिनपिंग से की बात 

 वाशिंगटन 
व्हाइट हाउस ने दोनों राष्ट्राध्यक्षों के बीच हुई बातचीत के बारे में बताते हुए कहा कि राष्ट्रपति जो बाइडेन ने चीन की आक्रमक और अनुचित आर्थिक नीतियों, हांगकांग में गतिरोध, झिंजियांग में मानवाधिकारों के हनन और ताइवान को लेकर अपनी बुनियादी चिंताओं को रेखांकित किया। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ बात की है। सत्ता संभालाने के बाद यह उनकी पहली औपचारिक बात थी। उन्होंने चीनी लोगों को नए साल की शुभकामनाएं दीं। साथ ही उन्होंने अमेरिकी लोगों की सुरक्षा, समृद्धि की रक्षा करने और एक स्वतंत्र और खुले इंडो-पैसिफिक को संरक्षित करने की अपनी प्राथमिकताओं से अवगत कराया।

 अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने बताया कि पेंटागन ने एक कार्यबल का गठन किया है, जो चीन द्वारा पेश की जा रही चुनौती से निपटने के लिए आगामी कुछ महीने में अपने सुझाव देंगे। बाइडन ने पेंटागन के अपने पहले दौरे में बुधवार को कहा, ''इस कार्यबल में विभिन्न मंत्रालयों के असैन्य एवं सैन्य विशेषज्ञ शामिल होंगे, जो रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन को आगामी कुछ महीने में अहम प्राथमिकताओं एवं निर्णय संबंधी सुझाव देंगे, ताकि हम चीन संबंधी मामलों को आगे ले जाने के लिए एक मजबूत मार्ग तैयार कर सकें।

उन्होंने कहा, ''इसके लिए पूरी सरकार के प्रयास, संसद में द्विपक्षीय समर्थन और मजबूत गठबंधन एवं साझेदारी की आवश्यकता होगी। इस तरह हम चीन की चुनौती से निपटेंगे और भविष्य की प्रतिस्पर्धा में अमेरिकियों की जीत सुनिश्चित करेंगे।'' पेंटागन ने एक बयान में बताया कि विदेश मंत्री के विशेष सहायक डॉ. एली रैटनर इस कार्यबल की अगुवाई करेंगे, जो चार महीने में अपने सुझाव देगी।

 

#शी जिनपिंग

Source : Agency

पाठको की राय